(तेरी एक चिट्ठी आज भी मेरे पास है जिसे मैंने सहेजकर रखे हैं)
प्रिय नेटीजन
🙏
मैं चिट्ठी हूँ जो आपके घर के किसी अलमारी में पड़ी मिल सकती हूँ। नहीं भी मिलूँ। यद्यपि मैं अब चलन से बाहर हो चुकी हूँ, पर आप सबकी कुशलता की कामना करती हूँ। मैं समकालीन डिजिटल युग की चकाचौंध में खोई हुई एक पुरानी धुन हूँ, जो अपनी पीड़ा आप सबसे बाँटने को आतुर हूँ। आज जब हर संवाद की उँगलियाँ स्क्रीन पर नाचती हैं, तब मेरा इस रूप में आप सबके सामने आना समय के विरुद्ध शायद एक विद्रोह है। एक 'डिलीट बटन' दूर हूँ मैं, आप चाहें तो मैं आपके रीसायकल बिन में समा सकती हूँ।
डिजिटल युग में हालचाल जानना आसान हो गया है—व्हाट्सएप की टिक-टिक, इंस्टाग्राम की स्टोरीज़, फेसबुक की पोस्ट्स—रोज़ कई बार। लेकिन अमूर्त प्रेम को मूर्त रूप देने की कला? वह तो मुझ जैसी चिट्ठियों को ही मालूम थी। स्याही प्रेम को मूर्त बनाती थी। यह वह प्रेम था जो समय की शिलाओं पर अमिट निशान छोड़ गया है। चिट्ठियाँ स्थायी पता हुआ करती थीं न सिर्फ दिलों की बल्कि भौतिक निवास का भी। नवविवाहित के लिए तो ये चिट्ठियाँ ठिकाना बन जाती थीं—पति के गाँव से आने वाली हर लिफाफा उनकी अकेलेपन का साथी।
इन चिट्ठियों ने ना केवल रिश्तेदारी मजबूत की बल्कि साहित्य को भी समृद्ध करने और सामाजिक रीति-रिवाजों को प्रभावित किया। विवाह में हल्दी लगे कागज पर चिट्ठियाँ लिखी जाती थीं जो रिश्तेदारों को सादर निमन्त्रण का प्रतीक थीं। डाक टिकटों की दुनिया डिजिटल युग में भी यह धरोहर बनी हुई है।
आजकल प्रेम छिछला हो चुका है। संदेश आते हैं, दिल को छूते हैं और एक 'डिलीट' के साथ मिट जाते हैं। सिम कार्ड बदल लो, नया नंबर ले लो, पल भर में नया ठिकाना। पुराने ज़माने में पत्र जलाकर सबूत मिटाने की बात होती थी, लेकिन चिट्ठी जलती तो पता फिर भी मिट नहीं पाता। उसकी राख भी कुछ बोल ही देती थी।
चिट्ठियाँ अपने आप में एक संसार हुआ करती थीं। उनमें सुख-दुख की सारी कहानियाँ समेटी जाती थीं। खुशखबरी—बेटे का जन्म, शादी का कार्ड, नौकरी लगना। दुख की फुसफुसाहट—बीमारी, अलगाव, आर्थिक तंगी। पड़ोसियों को भी हिस्सा मिलता। क्या परिवार और क्या पड़ोस, सब जगह पाता था उन चिट्ठियों में। आज इंस्टेंट प्यार और इंस्टेंट निर्देश हैं—'खाना खा लिया?', 'पढ़ाई कैसी चल रही?'। न जिज्ञासा बची, न अनुभव का दर्शन। चिट्ठी लिखते हुए पिता सोचता, शब्द चुनता, भाव बुनता। वो पत्र पुत्री के पास पहुँचता तो वो बार-बार पढ़ती, हर पढ़ाई में नया अर्थ खोजती। डिजिटल मैसेज? पढ़ा और स्क्रॉल। जीवन की गहराई खो गई—ना तो वो इंतज़ार, ना वो उत्सुकता।
और डाकिया? "डाकिया डाक लाया' वो तो गीत ही नहीं था, एक पूरा दृश्य था! सारे बच्चे दौड़ कर आ जाते, गाँव थम जाता। सार्वजनिक भोज पर डाकिया का स्वाभाविक निमंत्रित अतिथि होता था। वो चिट्ठियाँ ही नहीं लाता, पैसे भी—मनी ऑर्डर के लिफाफे, जो परिवार की उम्मीद जगाते। बुजुर्गों को चिट्ठियाँ पढ़कर सुनाता, आवाज़ में भाव भरता। प्राइवेसी? बिना हल्ला-हंगामा किए वो सचेत रहता। अगर पत्र निजी था, तो चुपके से दे जाता; खुशखबरी थी तो गाँव भर में मिठाई बँटवाने को कहता। डाकिया प्राइवेसी का केस स्टडी था। हाँ, उसने कई बार रुलाया भी। लेकिन रोया भी है साथ मिलकर 😪। गाँव वाले इकट्ठे हो जाते, डाकिया बीच में, आँसू बहते। आज का डिलीवरी बॉय? पैकेट फेंक दे और चला जाए। न चेहरा याद रहता, न भाव।
डिजिटल दुनिया ने तो दुनिया को जोड़ दिया—एक क्लिक में सात समंदर पार। लेकिन चिट्ठियों का वो जादू चुरा लिया। चिट्ठियाँ इंतज़ार सिखाती थीं—डाकिया और लिफाफे का इंतज़ार। कागज़ खोलने का एक अपना रोमांच भी होता था। डिजिटल दुनिया हर चीज़ को इंस्टेंट बना दी है—प्रेम, दोस्ती, खबरें। प्रेम संदेश डिलीट हो जाता है, चैट हिस्ट्री क्लियर हो जाती है। चिट्ठी? वो पीढ़ियों तक बची रहती हैं। दादा-दादी की चिट्ठियाँ आज भी संग्रह में हैं—उनके स्याही के धब्बे इतिहास बोलते हैं। यह विडंबना ही है की प्रेम अब लाइक, शेयर और अनफॉलो बन गया है। पुराना प्रेम? वो चिट्ठी में स्याही से रचा जाता, दिल से दिल तक। विवाहिता का अकेलापन? चिट्ठियाँ भरतीं, साजन के शब्दों से। आज वीडियो कॉल है, लेकिन स्क्रीन बंद होते ही खालीपन।
चिट्ठियाँ सुख-दुख की डायरी थीं। गाँव की मिट्टी की खुशबू, शहर की भागदौड़—सब समेटतीं। पढ़ाई-लिखाई की प्रगति बतातीं—'बेटा, परीक्षा में प्रथम आया।' दादा-दादी की कहानियाँ, अड़ोस पड़ोस की गपशप। सबका पता। आज व्हाट्सएप ग्रुप में शेयर होता है, लेकिन वो सतही। चिट्ठी व्यक्तिगत होती—हर शब्द के पीछे सोच। पिता-पुत्री का बंधन? निर्देश नहीं, दर्शन देते। 'जीवन ऐसा है, बेटी, जैसे नदी—बहती जाओ, मगर किनारे न भूलो।' आज इमोजी से काम चलता—❤️ या 👍। न जिज्ञासा, न गहनता।
चिट्ठियाँ धीमी थीं पर उसमें गहराई थी, अनंत की। वह चिट्ठी जलती दीपक सी थी, जो अंधेरे में आलोक बिखेरती, हृदय को रोशन करती। डिजिटल क्रांति ने उँगलियों की एक चुटकी भर में संसार दे दिया पर आत्मा नहीं दी उसने। एकदम भावहीन। मैसेज डिलीट हो जाते हैं, चैट्स मिट जाते हैं—कुछ शेष नहीं। चिट्ठी कहाँ मिटती है? वह संजोई जाती है, पीढ़ियों तक जीती है। एकदम स्थायी, भावपूर्ण।
यह चिट्ठी तुझे भेज रही हूँ, अपने हृदय की गहराई से। पढ़कर महसूस करना। डिलीट न करना। शायद एक दिन हम फिर से जी उठें।
सबकी प्यारी
पुरानी चिट्ठी
No comments:
Post a Comment